दुलहीपुर। अलीनगर थाना क्षेत्र के सैदपुरा (भूजहुवां) गांव में एक युवक ने सोमवार को देर रात कमरे में पत्नी की साड़ी का फंदा बनाया और उसके सहारे लटककर जान दे दी। परिजन उसे चिकित्सक के यहां ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की शादी दो साल पहले हुई थी और चार महीने पहले ही वह पिता बना था। जफलपुर चौकी क्षेत्र के सैदपुरा (भूजहुवां) गांव निवासी राहुल पटेल (28) की शादी चौबेपुर थाने के खानपुर गांव निवासी स्व. अभिमन्यु पटेल की बेटी गुंजा देवी के साथ दो मई 2023 को हुई थी। राहुल निजी कंपनी में नौकरी करता था। चार महीने पहले पत्नी ने पुत्र को जन्म दिया था। 2 अप्रैल को वह मायके से ससुराल आई थी। किसी कारण सोमवार को राहुल ने रात अपने बेडरूम का दरवाजा बंद कर लिया। आंगन में पत्नी गुंजा और राहुल की मां गीता देवी सो रही थीं। कुछ देर बाद कमरे का दरवाजा खोलवाने की कोशिश की तो नहीं खुला। दरवाजे को जोर से धक्का देने पर खुला तो राहुल को फंदे से लटका देख सन्न रह गईं। रामनगर के लालबहादुर शास्त्री अस्पताल में डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पूरा मामला स्पष्ट होगा।