पीडीडीयू नगर। जिले में मौसम का मिजाज शनिवार की देर शाम बिगड़ गया। रात साढ़े आठ बजे धूल भरी आंधी के बाद गरज चमक के साथ बारिश हुई। पानी के साथ बड़े बड़े ओले भी गिरे। आंधी से जगह जगह छप्पड़ उड़ गए और आम व सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंचा है।
रोहिणी नक्षत्र के बीच लगातार तपन बढ़ती जा रही थी। शनिवार को भी दिन भर खूब गर्मी रही। अधिक तापमान की वजह से लोगों को परेशानी हो रही थी। रात आठ बजे अचानक आसमान में बादल छा गए और हवाएं चलने लगी। देखते ही देखते हवा तेज होकर आंधी में तब्दील हो गई। धूल भरी आंधी से जगह जगह छप्पड़ उड़ गए। वहीं बिजली के पोल गिर गए और तार टूट गए। आंधी के बाद बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश के साथ बड़े बड़े ओले गिरे। आंधी की शुरुआत होते ही लाइन काट दी गई। आंधी पानी और ओले की वजह से आम पेड़ से गिर गए वहीं सब्जियों को नुकसान पहुंचा है।