सकलडीहा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और महिला सशक्तिकरण के तहत सरकार महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने को लेकर प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। मंगलवार को महालक्ष्मी आजीविका मिशन व स्वंय सहायता समूह की ओर से ताजपुर गांव में सरकारी सस्ते गल्ले दुकान की शुरूआत की गई। ग्राम प्रधान अमित सिंह ने कार्डधारकों के बीच राशन वितरित कर कोटा की दुकान का शुभारंभ किया।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की कवायद तेज कर दी गई है। एनआरएलएम की ओर से ताजपुर गांव की समूह अध्यक्ष चंदा मौर्या को सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान संचालन के लिये चयन किया गया है। उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार की अनुमति पर पूर्ति निरीक्षक केके मिश्रा और अमित द्विवेदी के मार्ग दर्शन में कोटा की दुकान का संचालन शुरू किया गया। ग्राम प्रधान ने फीता काटकर दुकान से राशन वितरण शुरू किया। ब्लॉक मिशन प्रबंधक समर कुमार और सुजीत ने बताया कि ब्लॉक के शिवपुर और ताजपुर में एनआरएलएम के तहत समूह की महिलाओं को सरकारी सस्ते गल्ले दुकान आवंटित करने के लिए चयनित किया गया है। संवाद