पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल में ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर लाइन पर बुधवार को पहली बार मालगाड़ी का संचालन किया गया। चिरैला पौथु से सोन ब्रिज तक बैलास्ट ट्रेन का परिचालन किया गया।
पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल में डीआरएम राजेश कुमार पांडेय के दिशा निर्देशन में उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मंडल के डीडीयू-गया रेलखंड पर स्थित चिरैला पौथु स्टेशन पर एक बैलास्ट ट्रेन (गिट्टी लदी मालगाड़ी) को भारतीय रेल के मौजूदा ट्रैक से नवनिर्मित कनेक्शन के माध्यम से पूर्वी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (ईडीएफसीसी) की अप लाइन पर प्रवेश कराया गया। डीडीयू मंडल में ऐसा पहली बार हुआ है कि भारतीय रेल के मौजूदा ट्रैक से ईडीएफसीसी लाइन पर किसी मालगाड़ी को परिचालित किया गया। ईडीएफसीसी के चिरैला पौथु से सोन ब्रिज तक के रेल खंड पर गिट्टी उतारने के लिए इस बैलास्ट ट्रेन का परिचालन किया गया। डीएफसीसीआईएल के महाप्रबंधक अजीत मिश्र के नेतृत्व में मंडल रेल प्रबंधक के दिशा-निर्देशन पर वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक सुधांशु रंजन के नेतृत्व में मंडल के परिचालन विभाग के प्रयासों एवं समन्वय से ईडीएफसीसी के निर्माणाधीन लाइन पर बिछाने के लिए गिट्टी मालगाड़ी से ले जाने की शुरुआत ईडीएफसीसी के निर्माण में एक महत्वपूर्ण सहायक कदम है।