मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पड़ाव-पीडीडीयू नगर सिक्सलेन मार्ग के सर्विस रोड पर सोमवार की रात एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुजाबाद वार्ड निवासी अजय सेठ (50) के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
अजय सेठ पड़ाव क्षेत्र की एक ज्वेलरी की दुकान पर सुनार का काम करते थे। दुकान संचालक नंदन सेठ ने बताया कि अजय सोमवार शाम करीब सात बजे चाय पीने के लिए निकले थे। इसके बाद देर रात सर्विस रोड पर उनका शव मिलने की सूचना मिली। अजय पिछले छह वर्षों से सुनार का काम कर रहे थे। उनके तीन बेटे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।