पीडीडीयू नगर। बलुआ थाना क्षेत्र के लक्ष्मणगढ़ गांव में बुधवार को दोपहर दो बजे विपरीत दिशा में आ रहे स्कूली वाहन ने छह साल की बच्ची को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
बालिका को इलाज के लिए वाराणसी ले जाते समय रास्ते उसकी मौत हो गई। वहीं, वाहन छोड़कर चालक भाग गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। लक्ष्मणगढ़ के निवासी कमलेश यादव की बेटी रिया (6) गुरेरा स्थित एक निजी विद्यालय में यूकेजी में पढ़ती थी। बुधवार को दोपहर दो बजे वह स्कूल से पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक स्कूली वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद चालक भाग गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और बच्ची को लेकर वाराणसी जाने लगे। हालांकि रास्ते में उसकी मौत हो गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मैजिक को कब्जे में लेकर कल्याणपुर निवासी चालक रामअवध चौबे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
वहीं, घटना के बाद बच्ची के पिता कमलेश, मां साधना देवी, भाई प्रियांशु, दादा नरसिंह, दादी प्रभावती के विलाप से ग्रामीण भी गमगीन रहे। बलुआ इंस्पेक्टर डॉ. आशीष मिश्र ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है।