चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी निखिल टीकामराम फुंडे की अध्यक्षता में दस्तक एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान संबंधी अंतरविभागीय बैठक हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी निकायों में नालियों की सफाई और झाड़ियों की कटाई का काम जल्दी पूरा कराने की हिदायत दी।
बैठक के दौरान सीएमओ डाॅ. वाईके राय ने बताया कि अभियान एक से 30 अप्रैल तक चलाया जाना है। यूनिसेफ के अजय उपाध्याय ने सभी विभागों का ब्लॉकवार प्रशिक्षण आदि का ब्योरा प्रस्तुत किया। जिन जगहों पर बैठकें कम हुईं, वहां जल्द से जल्द बैठकें कराने को कहा गया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी निकायों के अधिशासी अधिकारियों व डीपीआरओ को नालियों की सफाई तथा झाड़ियों की कटाई कराकर कूड़ा उठवाने का काम जल्दी कराने का निर्देश दिया। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के प्रार्थना के दौरान बच्चों को संचारी रोग के बारे में जानकारी देने तथा उन्हें पूरी बांह के कपड़े पहनने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया। घर में पुराना पानी इकट्ठा न हो, इसके लिए बच्चों को संचारी रोग के बारे में जानकारी देने के लिए कहा।