पीडीडीयू नगर। नगर में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेने एडिशनल डायरेक्टर नगर विकास सविता शुक्ला रविवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर पहुंची। एडिशनल डायरेक्टर ने नगर पालिका ईओ संग नगर में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया व पार्कों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर में जीटीआर ब्रिज के समीप रेलवे की ओर से डंप किये जा रहे कूड़े को हटवाने का निर्देश दिया और नगर की सफाई व्यवस्था को ठीक करने को कहा।
शासन की ओर से नगर निकायों में पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना समेत साफ-सफाई व पार्कों की स्थिति जांचने के लिए पूर प्रदेश भर में कुल 18 अधिकारियों को नोडल बनाया है। इसी के तहत एडिशनल डायरेक्टर सविता शुक्ला को वाराणसी मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रविवार को एडिशनल डायरेक्टर निरीक्षण के लिए पं.दीनदयाल उपाध्याय नगर पहुंची । जहां उन्होंने सबसे पहले चंदासी स्थित नाले का निरीक्षण किया। जहां साफ-सफाई नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। इसके बाद नगर के कसाब महाल स्थित नाले पर सिल्ट निकाले जाने का कार्य शुरु करा दिया। उन्होंने अलीनगर स्थित पार्क का भी निरीक्षण किया। एडिशनल डायरेक्टर नगर विकास सविता शुक्ला ने जीटीआर ब्रिज के समीप पड़े रेलवे के कूड़े को हटवाने के लिए ईओ को निर्देशित किया।