पीडीडीयू नगर पालिका इंटर कॉलेज से बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद
जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर बुधवार को पुलिस भर्ती परीक्षा संपन्न हुई। तीसरे दिन 1851 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दोनों पालियों में 8256 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 6405 अभ्यर्थी ही शामिल हुए।
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई। इसमें पंजीकृत 4128 अभ्यर्थियों में से 3194 उपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक हुई।
इसमें 4128 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 3211 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। नगर पालिका इंटर काॅलेज से परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थी विकास कुमार, ज्योति पांडेय, साैरभ द्विवेदी और अनुराधा ने बताया कि प्रश्नपत्र का स्तर सामान्य रहा लेकिन सामान्य ज्ञान के प्रश्न असामान्य रहे। गणित के प्रश्न अपेक्षाकृत आसान थे। रीजनिंग के प्रश्नों ने उलझा दिया। हिंदी के प्रश्न औसत स्तर के रहे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। केंद्रों की गतिविधियों की पुलिस लाइन स्थित जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की गई।