पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय-मिर्जापुर रेल रूट पर किन्नरों के बाद यात्रियों से वसूली करने वाले महिलाओं का गिरोह सक्रिय हो गया है।
ये महिलाएं जबरन पैसे वसूल करने के साथ यात्रियों से अभद्रता भी करती हैं। शनिवार को मुंबई मेल में यात्रियों से चार महिलाओं ने जबरन पैसे वसूले। 10 रुपये देने पर वे नहीं मानी, प्रति यात्री 50 रुपये वसूल किए। वसूली का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीडीडीयू जंक्शन से रोजाना 400 ट्रेनें गुजरती हैं। ट्रेनों किन्नरों के जबरन पैसे मांगने की शिकायतें आती रहती हैं लेकिन अब महिलाओं का गिरोह भी सक्रिय हो गया है। पीडीडीयू जंक्शन-मिर्जापुर रूट की ट्रेनों में ये महिलाएं यात्रियों से रुपये वसूलने के साथ अभद्रता भी करती हैं।
12 से ज्यादा महिलाओं का गिरोह ट्रेनों सवार हो जाता है। इसके बाद जनरल कोच में यात्रियों से जबरन पैसे मांगती हैं। शनिवार को मुंबई मेल में यात्रियों से वसूली करने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि जनरल कोच में महिलाएं यात्रियों से पैसे मांग रही हैं। यात्रियों का कहना है कि विरोध करने पर अभद्र व्यवहार किया जाता है, जिससे वे असहज महसूस करते हैं।