मुगलसराय-वाराणसी रेलवे रूट पर व्यासनगर रेलवे स्टेशन के समीप कार्य कर रहे गैंगमैन की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक मुगलसराय के हनुमानपुर का रहने वाला था। कोतवाली पुलिस ने रेलकर्मी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नगर के हनुमानपुर निवासी कैलाश पाल (41) रेलवे के पीडब्लूआई में गैंगमैन थे। वे सुबह ड्यूटी के लिए व्यासनगर रेलवे स्टेशन के पहले पोल संख्या 759/29 के समीप वह अन्य गैंगमैन के साथ रेलवे लाइन पर मरम्मत का काम कर रहे थे। इसी बीच वाराणसी से डाउन 53326 बरकाकाना पैसेंजर पहुंची। कैलाश ट्रेन को देख नहीं पाये और उसकी चपेट में आ गये। इससे मौके पर ही कैलाश की मौत हो गई। इस घटना से रेलकर्मियों में खलबली मच गई। आनन फानन में कर्मचारियों ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। आन ड्यूटी रेलकर्मी की मौत से विभाग में भी हड़कंप मच गया। आनन फानन में सीनियर सेक्शन इंजीनियर सुनील सिंह, आरपीएफ सहित अन्य अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। रेलवे अधिकारियों ने कैलाश के शव के अंतिम संस्कार के लिए परिवार वालों को दस हजार रुपये की सहायता दी। कैलाश दो बच्चों के पिता थे।