बलुआ में बढ़ा गंगा का जलस्तर। संवाद
पीडीडीयू नगर। पहाड़ों पर हो रही बारिश और बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार की शाम छह बजे तक गंगा का जलस्तर 60.97 मीटर तक पहुंच गया है। 24 घंटे में गंगा का जलस्तर में 7 सेमी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बाढ़ चौकियों पर कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं। वहीं, बलुआ क्षेत्र के कई गांवों में खेतों तक पानी पहुंचने से हलचल तेज हो गई है।
पिछले एक सप्ताह से गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार पिछले एक सप्ताह से गंगा का जलस्तर में बढ़ाव जारी है। मंगलवार की शाम छह बजे तक जल स्तर 60.97 मीटर रहा। इसके पहले सोमवार की शाम छह बजे तक जल स्तर 60.90 मीटर तक पहुंच गया। वहीं रविवार की शाम छह बजे तक गंगा का जल स्तर 60.82 मीटर रहा। इसके पहले शुक्रवार शाम छह बजे गंगा जलस्तर 60.53 मीटर दर्ज किया गया था।
इस तरह 5 दिनों में जल स्तर 50 सेमी तक बढ़ा है। मंगलवार को गंगा का जल स्तर चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर से 9.29 मीटर कम है। वहीं पिछले चौबीस घंटे में गंगा के ग्रहण क्षेत्र में 13.8 मिमी बारिश हुई है। जिले में गंगा का खतरे का निशान : 71.262 मीटर पर है। वर्ष 1978 में गंगा में बाढ़ आई थी। उस समय गंगा 73.901 मीटर तक पहुंच गया था।
चहनिया संवाददाता के अनुसार बलुआ में गंगा भले ही चेतावनी बिंदु से नीचे बह रही है। प्रशासन ने तटवर्ती गांवों को अलर्ट कर दिया है। बलुआ क्षेत्र में गंगा के किनारे बसे गांवों में हलचल तेज हो गई है। बलुआ, कांवर, महुअर, सोनबरसा, टांडा, सरौली, तीरगांवा के खेतों तक पानी पहुंचने लगा है। वहीं बाढ़ चौकियों पर कर्मचारियों को तैनात कर दिया गया है।