पीडीडीयू जंक्शन से कैंट के लिए तय करनी होगी 30 किमी की दूरी, यात्रियों को देना होगा दोगुना भाड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
सचित्र-12 और 30 से 35
पीडीडीयू नगर। चंदौली और वाराणसी को जोड़ने वाले मालवीय पुल (राजघाट पुल) के ड्रेनेज स्पाउट एक्सपेंशन जॉइंट की मरम्मत के लिए 20 दिसंबर से 13 जनवरी तक वाहनों का आवागमन रोक लगा दी गई है। शनिवार से पुल पर सिर्फ पैदल और दो पहिया वाहन ही चल सकेंगे। वहीं छात्रों की समस्या को देखते हुए सुबह 09 से 10 बजे तक और दोपहर 01:30 से 02:30 बजे तक पड़ाव से नमो घाट के बीच स्कूली बसों को चलने की अनुमति दी गई है। रूट डायवर्जन से पीडीडीयू नगर से वाराणसी जाने वाले 800 ऑटो और लगभग इतने ही रिक्शा का संचालन बंद हो जाएगा। इसके कारण पीडीडीयू नगर से कैंट जाने वालों को 10 किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा।
पुलिस की ओर से जारी रूट डायवर्जन के अनुसार 13 जनवरी तक वाराणसी से चंदौली और चंदौली से वाराणसी की ओर से आने-जाने वाले ऑटो, ई-रिक्शा, चार पहिया वाहन, एंबुलेंस और स्कूल बसों का आवागमन सामने घाट पुल से होगा। चंदौली से वाराणसी और वाराणसी से चंदौली की ओर आने-जाने वाले हल्के व भारी मालवाहक और बसें रामनगर चौराहा, टेंगड़ा मोड़, विश्व सुंदरी पुल, डाफी टोल प्लाजा, अमरा अखरी, मोहनसराय, पंचपेडवा रिंग रोड होते हुए गंतव्य की ओर आवागमन करेंगे। नई व्यवस्था में सबसे अधिक परेशानी रोजाना वाराणसी आने जाने वालों को होगी। पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर से रेलवे क्षेत्र और बाजार से लगभग 600 ऑटो रिक्शा रोजाना मैदागिन, लंका बीएचयू, कैंट आते जाते हैं। वहीं पड़ाव चौराहा से रोजाना 150 ऑटो और ई-रिक्शा मैदागिन जाते हैं। वहीं 50 से अधिक ऑटो और ई-रिक्शा आशापुर की ओर जाते हैं। इसमें सबसे बड़ी संख्या वाराणसी से पीडीडीयू जंक्शन पर ट्रेन पकड़ने के लिए आने वालों की होती है। हालांकि प्रशासन की ओर अभी तक ऑटो और ई रिक्शा वालों के लिए कोई दिशा निर्देश नहीं दिया है।
इनसेट
40 नहीं 80 रुपये देना होगा किराया
ऑटो चालकों का कहना है कि वे लंका होते हुए कैंट जाएंगे तो उसी हिसाब से किराया लेंगे। ऐसे में पीडीडीयू नगर से कैंट तक ऑटो रिक्शा का प्रति यात्री किराया 40 रुपये लिया जाता है। अब यात्री 40 रुपये देकर पहले लंका जाएंगे और वहां से 40 रुपये देकर कैंट जाएंगे। यही हाल सामने घाट से होकर जाने में भी होगा।
इनसेट-
अभी तक प्रशासन से नहीं मिला है कोई निर्देश
पीडीडीयू नगर से वाराणसी के बीच चलने वाले ऑटो चालकों को अब तक कोई दिशा निर्देश नहीं मिला है। इससे ऑटो चालक भी किराए को लेकर भ्रमित हैं। ऑटो चालकों का कहना कि अधिक दूरी होगी तो उसी हिसाब से किराया लिया जाएगा। ऑटो चालक वेलफेयर एसोसिशन के अध्यक्ष रामजी मिश्र ने कहा कि मालवीय पुल बंद होने हम लोगों की हम लोगों की समस्याएं बढ़ जाएगी। चालक गुलाब यादव ने कहा कि जितनी देर में वाराणसी जाकर वापस आ जाते थे, उतनी देर सिर्फ कैंट पहुंचने में लग जाएंगे। पुष्पराज ने कहा कि हम लोग वाराणसी जाने के बजाए पड़ाव तक ही चलेंगे। इससे यात्री परेशान होंगे। चालक इम्तियाज अहमद ने कहा कि पुल की मरम्मत के लिए पूरी तरह वाहन चलने से रोकने से दिक्कत होगी।
इनसेट-
पड़ाव से पैदल पुल पारकर वाहन पर सवार होंगे यात्री
वाराणसी और चंदौली के बीच प्रमुख चौराहा पड़ाव से कैंट, मैदागिन, गोदौलिया, आशापुर जाने वालों को परेशान होना पड़ेगा। पड़ाव से लगभग डेढ़ सौ ऑटो और ई रिक्शा मैदागिन जाते हैं। वहीं 50 से अधिक ऑटो कज्जाकपुरा होते हुए आशापुर जाते हैं। यही नहीं वर्तमान में ई-रिक्शा वालों के लिए सबसे बड़ी कमाई का साधन पड़ाव से नमो घाट के बीच चलने से होती है। अब वाराणसी पड़ाव आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा नमो घाट पर ही रुकेंगे। ऑटो चालक रवि ने बताया कि आशापुर जाने के लिए नमो घाट से ही सवारी भर लेंगे। वहीं पुल पार करने के बजाए उस पार ही सवारी उतारेंगे। इससे अधिक परेशानी सवारियों होगी। उन्हें पैदल अथवा दोपहिया वाहनों से पुल पार करना होगा।
इनसेट-
माल ढुलाई महंगा होने से सामान होंंगे महंगे
पीडीडीयू नगर। चंदौली के सभी व्यापारी अधिक माल वाराणसी मंगाते हैं। चाहे वह सब्जी हो अथवा गल्ले का सामान। मालवीय पुल पर आवागमन बंद होने से माल वाहनों को लंबा चक्कर काट कर आना होगा। विशेष कर छोटे मालवाहकों का भाड़ा अधिक लगेगा और इसका असर सामान महंगा होने के रूप में दिखेगा।
इनसेट-
यातायात के अधिकारियाें ने पड़ाव चौराहे पर किया निरीक्षण
सचित्र-
मालवीय पुल के मरम्मत के लिए यातायात रूट डायवर्जन लागू होने के बाद की स्थिति की समीक्षा सोमवार को वाराणसी के यातायात अधिकारियों ने पड़ाव चौराहे पर पहुंच कर की। अधिकारियों की टीम दोपहर साढ़े 12 बजे पडाव चौराहा पर पहुंचे। अधिकारियों की टीम ने रूट डायवर्जन के बाद की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने ऑटो चालकों से वार्ता भी की। डीसीपी यातायात अनिल यादव ने बताया कि पुल की मरम्मत आवश्यक है। लोगों को कम से कम दिक्कत हो, इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। कहा कि रूट डायवर्जन के दौरान कहां-कहां साइन बोर्ड लगाया जाना है, इसको भी देखा जा रहा है। इस दौरान एसीपी सोमवीर सिंह, पंकज सिंह, पंकज तिवारी, धनंजय सिंह, सूजाबाद चौकी प्रभारी प्रशांत पांडेय, देवेंद्र कुशवाहा आदि रहे।