फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli News: ससुराल जा रहे दो सगे भाइयों सहित चार लोगों की हादसों में मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
सैयदराजा। सैयदराजा, अलीनगर और धीना थाना क्षेत्र में हुए तीन सड़क हादसों में ससुराल जा रहे दो सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई। सगे भाइयों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। चार मासूम बच्चों से पिता का साया उठ गया और दो महिलाओं के सुहाग उजड़ गए।
विज्ञापन

बिहार राज्य के चांद थाना क्षेत्र के पतेशर गांव निवासी रामजन्म के तीन बेटे थे। रामजन्म के बेटे मिथिलेश कुमार (35) का ससुराल सैयदराजा थाना क्षेत्र के भवराही विजय नारायणपुर गांव निवासी श्याम नारायण के यहां है। वे ससुराल में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने के लिए अपने भाई शोकिल (32) के साथ बाइक से जा रहे थे। रास्ते में हलुआ मड़ई के पास चंदौली-धलौरी मार्ग पर किसी वाहन की चपेट में आने से दोनों भाइयों की मौत हो गई। इसकी जानकारी जब परिवार वालों को हुई तो कोहराम मच गया। मिथिलेश की पत्नी रीना और शोकिल की पत्नी रीना का सुहाग उजड़ गया। माता फूलकेशरा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मिथिलेश से दो बेटे और दो बेटियां हैं, जो अभी छोटे हैं। शोकिल से भी दो बच्चे हैं और दोनों छोटे-छोटे हैं। उन्हें मालूम ही नहीं कि उनके सिर से पिता का साया उठ गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पर जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव ने पहुंचकर परिजनों को ढाढ़स बंधाया। इस दौरान मुकेश यादव, महेंद्र यादव, श्याम नारायण उपस्थित रहे।

उधर, बिहार के बक्सर जिले के जैतपुरा गांव निवासी सोनू राजभर (35) अपनी बाइक से चंदौली जिले के सकलडीहा में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में डेढ़गांवा के समीप मोड़ पर बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे 12 फीट नीचे खाई में गिर गई। रात होने की वजह से किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। इससे इलाज के अभाव में सोनू की मौत हो गई। सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। जेब में मिले आधार कार्ड से उनकी शिनाख्त हुई। पिता ने उनकी पहचान की। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
विज्ञापन

उधर, अलीनगर थाना क्षेत्र के बिलारीडीह गांव के समीप नेशनल हाईवे पर मंगलवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से धन्नू यादव (35) की मौके पर ही मौत हो गई। अलीनगर निवासी धन्नू यादव गोधना हाईवे पर चौराहे के पास मिठाई की दुकान चलाते थे। मंगलवार की सुबह वे बाइक से संकट मोचन मंदिर वाराणसी में दर्शन-पूजन के लिए गए थे। वहां से वे घर लौट रहे थे। रास्ते में बिलारीडीह गांव के समीप नेशनल हाईवे के अंडरपास पर पहुंचे थे कि किसी भारी वाहन की चपेट में आ गए। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। इस बीच रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत का समाचार सुनते ही परिवार वालों में कोहराम मच गया। अलीनगर इंस्पेक्टर विनोद मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें