पीडीडीयू नगर के मुगलचक स्थित टेंट गोदाम में लगी आग।
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या नौ मुगलचक वार्ड स्थित एक टेंट के गोदाम में मंगलवार की दोपहर अचानक से आग लग गई। गोदाम से धुआं उठता देख आसपास घरों में रह रहे लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने किसी प्रकार आग पर काबू पाया। इस दौरान लगभग चार लाख रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया।
अलीनगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या नौ मुगलचक क्षेत्र में लाल मोहम्मद जुगनू का टेंट का गोदाम है। जहां टेंट के गद्दो, कुर्सियों को रखने के साथ उनकी मरम्मत की जाती है। मंगलवार की दोपहर गोदाम में वेल्डिंग का कार्य चल रहा था। इस दौरान वहां अचानक से आग लग गई। देखते ही देखते भयानक आग लग गई। गोदाम से उठते धुएं को देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने उसे बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग बढ़ने लगी। सूचना के लगभग बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। जहां कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पाया। गोदाम संचालक ने बताया कि वहां शार्ट सर्किट से लगी आग में लगभग चार लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है। इस संबंध में नरेंद्र कुमार सिंह प्रभारी फायर स्टेशन पीडीडीयू नगर ने बताया कि मौके पर पहुंची फायर टीम ने सबसे पहले वहां रखे दो गैस सिलेंडर को बाहर निकलवाया। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।