नौगढ़। काशी वन्यजीव प्रभाग रामनगर के प्रभागीय वनाधिकारी महावीर कौजलगी के निर्देश के बाद वन विभाग ने जंगल की जमीन कब्जा करने वाले अपने चार वाचरों के खिलाफ भारतीय वन संरक्षण अधिनियम के तहत वन अपराध का मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में दो वन रक्षकों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने उन्हें बेदखली कार्रवाई का नोटिस पकड़ाते हुए विभाग से भी बाहर कर दिया।
प्रभाग के नौगढ़ रेंज में नियुक्त देवरी गांव के वाचर मस्तराम, राधे यादव, शांता यादव, अरविंद यादव ने आरक्षित वन क्षेत्र पंडी कंपार्टमेंट नंबर 14 में काफी दिनों से वन भूमि को कब्जा करके खेती कर रहे थे। किसी ने इसकी शिकायत विभाग के अधिकारियों से की। वन क्षेत्राधिकारी रिजवान खान ने आसपास के लोगों का बयान दर्ज किया। इसमें विभाग के वाचर समेत वनरक्षक की संलिप्तता सामने आई। सेक्शन वन दरोगा गुरुदेव यादव की संस्तुति पर वनरक्षक पप्पू सोनकर ने चार वाचरों के खिलाफ वन अपराध का मामला दर्ज किया है। इसी मामले में वन क्षेत्राधिकारी ने दो वनरक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है तथा वाचरों को विभाग से बाहर कर दिया।