बाइक चुराकर बेचने वाले अंतर जनपदीय गिरोह के चार सदस्यों को दामोदरदास
पोखरे से स्थानीय कोतवाली पुलिस ने सोमवार को साढ़े तीन बजे गिरफ्तार किया।
उनकी निशानदेही पर विभिन्न जगहों से चोरी की नौ मोटर साइकलें भी
बरामद की गईं। चारों के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर मंगलवार को जेल
भेज दिया।
बाइक चोरी की बढ़ती वारदातों की रोकथाम के लिए जारी अभियान
के क्रम में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विनोद यादव सोमवार की शाम लगभग साढ़े
तीन बजे दामोदर दास पोखरे के पास वाहनों की जांच कर रहे थे।
इस दौरान
पुलिस ने बाइक सवार युवक से रुकने को कहा। तब वह भागने लगा। पुलिस ने
पकड़कर उससे गाड़ी के कागजात मांगे तो वह कुछ नहीं दिखा सका। इसके बाद
मुगलसराय कोतवाली पर पूछताछ में आरोपी जैतपुरा वाराणसी निवासी आजम ने बताया
कि उसने यह बाइक कुछ दिनों पूर्व शाहकुटी से चोरी की थी।
उसने गिरोह में
शामिल अपने साथियों के भी नाम बताए। जिसके आधार पर पुलिस ने अमित यादव
निवासी नई बस्ती आलू मिल थाना अलीनगर, वीरेन्द्र गुप्ता निवासी सूजाबाद
पड़ाव थाना रामनगर व गोल गुप्ता निवासी सूजाबाद, पड़ाव थाना रामनगर को भी
पकड़ लिया। तीनों के पास से तीन मोटरसाइकलें चोरी की बरामद हुईं।
पूछताछ के
ही क्रम में पुलिस ने गोल गुप्ता के घर से पांच और मोटरसाइकलें बरामद कीं।
सीओ सदर प्रमोद यादव ने बताया कि यह गिरोह चंदौली, मिर्जापुर, वाराणसी व
गाजीपुर जिलों में घटना को अंजाम देने के बाद चोरी के वाहनों को बिहार में
ले जाकर बेच देते थे।
पुलिस टीम में एसआई धीरेन्द्र सिंह, राणा सिंह, मनोज
तिवारी, विनय यादव, विनय दूबे, रामपाल, गुलाब यादव आदि पुलिसकर्मी रहे।