बबुरी थाना क्षेत्र निवासी किशोरी की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी डॉ. नूतन ठाकुर घटना में लगातार जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं शनिवार को मृतका के परिजनों ने आईजी वाराणसी से मुलाकात कर पुत्री को न्याय दिलाने और सुरक्षा की मांग की। आईजी को सौंपे पत्रक में पूर्व ब्लाक प्रमुख और गांव के ही एक दबंग युवक को आरोपित बताया है।
बबुरी थाना क्षेत्र निवासी किशोरी 12 जून को घर से किसी काम के लिए निकली और घर नहीं लौटी। बाद में वह सोनभद्र जिले के सुकृत में बदहवास हाल में मिली। उसे वहां के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। युवती का इलाज करने वाले डॉक्टर ने मेडिकल रिपोर्ट में मौत का कारण जहर का सेवन बताया। बगैर पोस्टमार्टम के युवती के शव को गंगा में प्रवाहित कर दिया गया। आरोप लगे कि कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव के चलते मृतका का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और पुलिस भी उन्हीं के दबाव में काम कर रही है। अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी नूतन ठाकुर ने पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। शनिवार को युवती के दादा और बड़े पिता आईजी से मिले और न्याय की मांग करते हुए कहा कि पूर्व ब्लाक प्रमुख की मदद से गांव के ही युवक ने पुत्री के साथ दुराचार किया है।