नियामताबाद। ब्लाक प्रमुख पद पर बृहस्पतिवार को नामांकन के बाद सपा के पूर्व प्रमुख बाबुलाल यादव की पत्नी कमला देवी और अपना दल भाजपा के समर्थित प्रत्याशी नीलम देवी के बीच सीधी लड़ाई है। वैसे इस सीट पर पूर्व सांसद रामकिशुन यादव के परिवार का पिछले बीस वर्षो से कब्जा रहा है। पार्टी इस सीट को खोना नहीं चाहती है।
पूर्व सांसद रामकिशुन यादव के परिवार का ही नियामताबाद के प्रमुख पद पर कब्जा रहा है। इस बार भी उनके छोटे भाई पूर्व प्रमुख बाबुलाल यादव की पत्नी कमला देवी चुनाव मैदान में हैं। वैसे इस सीट पर परिवार से बाबूलाल यादव वर्ष 2000 में, उनकी पत्नी कमला देवी 2005 में, उनके पुत्र मुलायम सिंह 2010 में और बाबूलाल के चालक महेंद्र पासवान 2015 में ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। इस बार फिर बाबूलाल यादव की पत्नी कमला देवी सपा की ओर से चुनाव मैदान में हैं। वैसे इस सीट पर अपना दल के प्रत्याशी नीलम बिन्द से मुकाबला है। जिला पंचायत की हार के बाद से अपने राजनैतिक रसूख कायम रखने के लिए पूर्व सांसद रामकिशुन यादव पूरी ताकत से भाई की पत्नी को जिताने में लगे हुए हैं। वह स्यवं पल पल की जानकारी ले रहे हैं। पार्टी सहित परिवार के लिए करो और मरो की स्थिति है। वैसे राजनैतिक जानकार यह मानते हैं कि सपा मजबूत स्थिति में है लेकिन जीत की राह अभी आसान नहीं है।