पीडीडीयू नगर। चंदौली लोकसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार सांसद डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय को अब भारी उद्योग मंत्री बनाया गया है। इससे लोगों में हर्ष है। उन्होने शुक्रवार को मंत्रालय में कार्यभार भी ग्रहण कर लिया। इसके पहले श्री पांडेय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री थे। डॉ. पांडेय ने भारी उद्योग मंत्रालय में कार्यभार ग्रहण करने के बाद ट्वीट करके इस संबंध में जानकारी भी दिया। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी के तहत भारी उद्योग मंत्रालय में कार्यभार ग्रहण कर लिया। कहा कि हम मंत्रालय के अन्तर्गत सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों तथा उद्योग क्षेत्र को विकासपरक बनाने की दिशा में आगे बढ़ते हुए नए भारत के निर्माण के लिए संकल्पबद्ध हैं। डॉ. पांडेय जैसे ही कार्यभार ग्रहण किए सोशल मीडिया पर कार्यभार ग्रहण करने की तस्वीरें वायरल हुई तो बधाई देने वालों का तांता लग गया। लोगों ने कहा कि जिले के लिए यह गौरव की बात है। डॉ. पांडेय पहले से ही जिले के विकास के लिए काफी काम करते रहे हैं। अब और मजबूती मिलेगी। वह 2014 में चंदौली लोकसभा क्षेत्र से पहली बार सांसद चुने गए थे। उसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में भी चंदौली से जीत हासिल किए। 2014 में जब सांसद बने तो मंत्रीमंडल में इन्हें भी जगह मिली थी। उस समय मानव संसाधन राज्य मंत्री बनाया गया था। 2019 के चुनाव के बाद केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री बनाया गया था। अब भारी उद्योग मंत्री की जिम्मेदारी मिली है।