पीडीडीयू नगर। नगर के इंडियन इंस्टीट्यूट खेल मैदान में रविवार को आयोजित अंतरजनपदीय फूटबाल प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय मुगलसराय की टीम ने रामनगर को 2-0 गोल से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमा लिया। केवी के शाहिल को बेस्ट प्लेयर चुना गया। विजेता और विजेता टीम को मुख्य अतिथि जितेन्द्र गुप्ता ने पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता में रामनगर, वाराणसी, डिग्घी, चंदौली, केंद्रीय विद्यालय सहित पांच टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल में रामनगर और केंद्रीय विद्यालय की टीम पहुंची। शाम को हुई प्रतियोगिता में बारिश के बीच भीगे मैदान में केंद्रीय विद्यालय के खिलाड़ियों की चपलता रामनगर पर भारी पड़ी। पहले हाफ में केवी के शाहिल ने गोल मारकर रामनगर को दबाव में ला दिया। इसके बाद रामनगर की टीम उबर नहीं सकी और थोड़ी देर बाद ही केवी के खिलाड़ी ने रामनगर पर दूसरा गोल दाग दिया। खेल समाप्त होने तक रामनगर एक भी गोल नहीं कर सकी और 2-0 से पराजित होकर उपविजेता घोषित हुई। रेफरी की भूमि गुड्डू और राहुल ने निभाई। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे काली महाल के सभासद जितेन्द्र गुप्ता ने विजेता और उपविजेता टीम को मेडल प्रदान किए। इस मौके पर अशोक सैनी, डॉ. जयप्रकाश, रमेश आदि रहे। धन्यवाद ज्ञापन आयोजक गुड्डू भाई ने किया।