चंदौली मझवार रेलवे स्टेशन। संवाद
- फोटो : Archive
पीडीडीयू नगर। जिला मुख्यालय स्थित चंदौली मझवार रेलवे स्टेशन की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। कभी जर्जर दिखने वाला स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से लैस नजर आ रहा है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 21.70 करोड़ रुपये से स्टेशन के पुनर्विकास का काम लगभग पूरा हो चुका है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इसी साल स्टेशन का लोकार्पण कराने की तैयारी की जा रही है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के 15 स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन विकास योजना के तहत पुनर्विकास के लिए चयनित किया गया था। इनमें जिला मुख्यालय का चंदौली मझवार स्टेशन भी शामिल है। 7 अगस्त 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योजना के तहत देशभर के चयनित स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया था।
इसके बाद चंदौली मझवार स्टेशन को आधुनिक स्वरूप देने का काम शुरू हुआ। करीब तीन वर्ष के निर्माण कार्य के बाद स्टेशन की तस्वीर काफी हद तक बदल चुकी है। स्टेशन भवन के साथ यात्री सुविधाओं में विस्तार किया गया है।
मुख्य प्रवेश द्वार को आकर्षक स्वरूप दिया गया है। यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए फुटओवर ब्रिज का निर्माण कराया गया है। प्लेटफॉर्म को ऊंचा और चौड़ा करने के साथ यात्रियों के बैठने और ठहरने की सुविधाओं को भी बेहतर किया गया है।