मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। तापमान में बदलाव के साथ ही मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। इसका असर जिला अस्पताल की ओपीडी में भी देखने को मिल रहा है।
फिजिशियन कक्षों के बाहर मरीजों की लंबी कतार लग रही है। सबसे अधिक मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। सभी फिजिशियन के कक्षों में प्रतिदिन करीब 400 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. राजेश कुमार सिंह ने बताया कि इनमें लगभग 25 फीसदी मरीज ऐसे हैं, जिनकी सेहत पर मौसम में बदलाव का असर दिखाई दे रहा है। सुबह और शाम के तापमान में अंतर होने के कारण लोग संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे मौसम में बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
00
ऐसे करें बचाव-
सुबह और शाम ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनें।
ठंडा पानी और फ्रिज में रखे खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें।
घर और आसपास साफ-सफाई रखें, धूल और धुएं से बचें।
खांसते और छींकते समय मुंह व नाक को रूमाल या टिश्यू से ढकें।
पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं और पौष्टिक भोजन करें।
बुखार, सांस लेने में परेशानी या लगातार खांसी होने पर डॉक्टर से परामर्श लें।
बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाओं का सेवन न करें।