रेलवे के मानस नगर और गया कालोनी के बीच बन रहे संपर्क मार्ग के पूरा न होने से नाराज लोगों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। रेलवे और नगर पालिका के बीच विवाद की वजह से संपर्क मार्ग का निर्माण पांच वर्षों से अधूरा है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मार्ग का निर्माण नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
रेलवे के सबसे घनी आबादी वाले मानसनगर कालोनी और गया कालोनी के बीच भूमि पर प्राइवेट कालोनी बस चुकी है। यहां के लोगों के नाम नगर पालिका के वार्ड संख्या छह बिछड़ी अलीनगर में शामिल है। पचास से सौ मकान के इस बस्ती में जाने के लिए रास्ता नहीं है। वर्ष 2010 में नियामताबाद के पूर्व ब्लाक प्रमुख ने रेलवे के नाला से सटकर सड़क निर्माण के लिए बीस लाख रुपये पास कराए थे।
पैक्स पेड को सड़क निर्माण की जिम्मेदारी भी दी गई। सड़क निर्माण शुरू हुआ लेकिन रेलवे के अड़ंगा लगाने से काम पूरा नहीं हुआ। बाद में डीआरएम, डीएम और नगर पालिका के चेयरमैन के बीच वार्ता हुई और सड़क निर्माण की बाधा दूर हुई। नौ लाख रुपये की लागत से इसी वर्ष फिर से सड़क निर्माण शुरू किया गया।
तीन दिन पहले रेलवे के मंडल अभियंता ने रेलवे की भूमि पर काम होना बताकर काम रुकवा दिया। इससे बस्ती के लोग नाराज हैं। शनिवार की सुबह सात बजे बस्ती की महिलाएं और पुरुष सड़क पर उतर आए और जिला प्रशासन तथा रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
प्रदर्शन करने वालों में कौशल्या देवी, संतरा देवी, पायल देवी, विद्या देवी, उदयभान पिंटू, चंदन सिंह, भीम यादव, रामलाल यादव, अजीत, रामचंद्र, बुल्लू, वीरेन्द्र सिंह, पिंटू सिंह, गंगाधर मिश्र, अनूप पटेल, अमीर खां सहित कालोनी के लोग रहे।