पीडीडीयू नगर। बुधवार को साइबर ठगों ने मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के धरना गांव निवासी समाचार पत्र विक्रेता की पत्नी के मोबाइल का एक्सेस लिया। उसके बाद ठगो ने उनके खाते से पचास हजार रुपये उड़ा दिये। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत धरना गांव निवासी संजय कुमार सिंह समाचार पत्र विक्रेता हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को उनकी पत्नी के मोबाइल पर सिम बंद होने का एक मैसेज आया। बताया कि दोपहर में जब उनका पुत्र युवराज सिंह स्कूल से लौट कर घर आया तो अपनी मां के मोबाइल पर सिम बंद होने का मैसेज देखा। इसके बाद उसने मैसेज में दिये गये नंबर पर फोन किया। उसने बताया कि फोन करने पर सिम से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी अपलोड करने की बात कही। इस बीच साइबर ठग ने युवराज से एक एप डाउनलोग करवा कर उसके मोबाइल का पूरा एक्सेस हासिल कर दिया। शिवराज के अनुुसार साइबर ठग ने उससे मोबाइल पर 11 रुपये का रिचार्ज कराया। साइबर ठग के पास मोबाइल का एक्सेस होने के कारण उसने पासवर्ड समेत अन्य जानकारियां हासिल कर ली। इस दौरान युवराज जब तक कुछ समझ पाता तब तक मोबाइल पर पचास हजार रुपये गायब होने का मैसेेज आया। जिसे देखकर उसके होश उड़ गये। घटना के बाद संजय सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय जाकर इसके बाबत लिखित सूचना दी। उन्होंने बताया कि बैंक में जाकर उन्होंने इस बाबत शिकायत की। जिसपर बैंक की ओर से एटीएम और खाते से लेनदेन को बंद कर दिया गया लेकिन उनके पत्नी के खाते से किस खाते में रुपये भेजे गये इस बात की जानकारी देने से बैंक के अधिकारियों ने इंकार कर दिया।