पांच हजार लाभार्थियों के खाते में पहुंचा पीएम आवास की पहली किस्त
प्रधान मंत्री ने दिल्ली में बटन दबाकर पैसा भेजने का शुभारंभ किया,
लाभार्थियों के खाते में आए 44 हजार रुपये
सचित्र 52
संवाद न्यूज एजेंसी
चंदौली। पीएम आवास योजना के लाभार्थियों के खाते में पहली किस्त भेजी गई। जिले के 5118 को इसका लाभ मिला है। पीएम के दिल्ली में बटन दबाते ही 44 हजार रुपये की पहली किस्त लाभार्थियों के खाते में पहुंची। इसके पूर्व उन्होंने लाभार्थियों से संवाद किया। मुख्यालय स्थित एनआइसी सभागार में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।
जिले में पीएम आवास योजना के तहत लाभार्थियों का चयन किया गया है। पिछले काफी दिनों से शासन के स्टेट पूल खाते में पैसा नहीं था। इसकी वजह से लाभार्थियों के खाते में धनराशि नहीं पहुंची थी। पीएम ने छह लाख 10 हजार लाभार्थियों के खाते में 2970 करोड़ रुपये भेजे। इसमें जिले के 5118 लाभार्थियों के खाते में 22 करोड़ 51 लाख 52 हजार रुपये आए हैं। उन्हें 44 हजार रुपये की पहली किस्त मिली है। जल्द की नींव खोदवाकर आवासों का निर्माण शुरू कराया जाएगा। सरकार ने बेघरों को छत मुहैया कराने के लिए योजना की शुरूआत की है। इसके तहत झुग्गी-झोपड़ी व कच्चे मकान में रहने वाले गरीबों का पक्का मकान बनवाया जा रहा है। उन्हें रहने के लिए कमरा, किचन, बरामदा आदि का निर्माण कराया जा रहा है। तीन किस्तों में लाभार्थियों के खाते में 1.30 लाख रुपये धनराशि भेजी जाती है। दूसरी किस्त 76 हजार और तीसरी किस्त के रूप में 10 हजार रुपये दिए जाते हैं। इसके अलावा मनरेगा के तहत 90 दिनों की 19 हजार 25 रुपये मजदूरी भी मिलती है। प्रशासन शौचालय बनवाने के लिए अलग से 12 हजार रुपये देता है। प्रधानमंत्री ने आवास लाभार्थियों से बात कर जानकारी ली। वहीं सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी संजीव सिंह, विधायक साधना सिंह, सीडीओ अजितेंद्र नारायण, परियोजना निदेशक सुशील कुमार, उपायुक्त मनरेगा धर्मजीत सिंह, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के प्रतिनिधि शेरू सिंह, चकिया विधायक शारदा प्रसाद के प्रतिनिधि अश्वनी दुबे समेत विभिन्न ब्लाकों से आवास के 15 लाभार्थी उपस्थित रहे।
आवास योजना के लाभार्थियों के खाते में पहुंची पहली किस्त
5118 लोगों मिला लाभ, 44 हजार रुपये खाते में आए
रिपोर्ट राकेशचंद्र यादव