स्टेशन के समीप झाड़ियों में लगी आग।
स्थानीय रेलवे स्टेशन के समीप झाड़ियों में एक बार फिर आग लग गई। सोमवार को दिन में दस बजे लगी आग से मौके पर खलबली मच गई। स्टेशन पर भी यात्रियों में खलबली रही। रेलकर्मियों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी प्रयास कर आग बुझाई। इस वर्ष झाड़ियों में दूसरी बार आग लगी है। इसको लेकर नगर में चर्चा है।
रेलवे स्टेशन पर इंजनों में इंधन भरने के दौरान डीजल रिस कर नालियों के जरिए स्टेशन पश्चिमी छोर पर स्थित तालाब में पहुंच जाता है। तालाब के आस पास झाड़ियां उगी हुई है। अनुमान है कि रविवार की सुबह डीआरएम कार्यालय के पीछे जा रहे किसी नशेड़ी ने जलती बीड़ी फेंक दी। सूखी झाड़ियों में आग लग गई और इसके सहारे आग तालाब के डीजल तक पहुंच गई। इससे आग ने भयंकर रूप ले लिया। जब तक लोग कुछ समझते आग की लपटे आसमान छूने लगी और स्टेशन के प्लेटफार्म एक दो तक आंच पहुंचने लगी। इससे मौके पर खलबली मच गई। आनन फानन में इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने प्रयास कर आग बुझाई। इस दौरान मौके पर आरपीएफ, जीआरपी की टीम के साथ रेलवे के अधिकारियों की टीम भी पहुंच गई थी। इससे रेलवे को नुकसान तो नहीं हुआ लेकिन दो घंटे तक खलबली की स्थिति रही।