चकिया/शिकारगंज। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी के निर्देश पर चोरी से बिजली का उपभोग किए जाने क्षेत्रों को चिह्नित कर बकाया वसूली के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को जागेश्वरनाथ विद्युत उपकेंद्र के सिकंदरपुर गांव व बाजार में जांच की गई। इसके अलावा कई और गांवों में भी जांच की गई। जांच के दौरान बकाया नहीं जमा करने पर 52 लोगों के कनेक्शन काटे गए, जबकि चोरी से बिजली का उपभोग करने पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
विद्युत निगम के एक्सईएन विद्युत वितरण खंड प्रथम अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में सिकंदरपुर फीडर से संबंधित सिकंदरपुर गांव समेत कई गांवों व मोहल्लों में विभाग की नौ टीमों ने सुबह से ही जांच शुरू कर दी। इस दौरान 235 लोगों के कनेक्शन की जांच की गई। इस दौरान तीन लोग चोरी का उपभोग करते हुए पकड़े गए। संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इसके अतिरिक्त करीब 52 लोगों के कनेक्शन बकाया नहीं जमा करने पर काटे गए। उनके ऊपर लगभग 6 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया था। जांच के दौरान करीब दो लाख पांच हजार रुपये बकाये की वसूली की गई। विद्युत निगम के एक्सईएन अरविंद कुमार ने बताया कि शाम 5:30 बजे खंड के सभी मीटर रीडर को बुलाकर उनके कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्हें मीटर रीडिंग के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए।उन्होंने मीटर रीडिंग के काम में शिथिलता बरतने वाले मीटर रीडर को चेतावनी भी जारी की गई। इसके बाद भी महीने के अंत तक सुधार नहीं होने पर बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।