चंदौली के पीडीडयू जंक्शन में पकड़ा गया हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस में महिला यात्री से छेड़खानी ?
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। नई दिल्ली से हावड़ा जा रही हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस में यात्रा कर रही महिला के साथ प्रयागराज के समीप शुक्रवार की रात बगल वाली सीट पर यात्रा कर रहे यात्री ने छेड़खानी की। महिला की शिकायत पर पीडीडीयू जंक्शन पर ट्रेन के पहुंचते ही जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई।
नई दिल्ली से हावड़ा जा रही डाउन हावड़ा राजधानी के कोच संख्या ए-3 के सीट संख्या 14 पर सवार होकर महिला कोलकाता जा रही थी। ट्रेन जैसे ही प्रयागराज स्टेशन से रवाना हुई। आरोप है कि कानपुर निवासी दीपक मुखर्जी जो 18 नंबर सीट पर सवार था उसने महिला यात्री से छेड़खानी शुरू कर दी। महिला यात्री ने हेल्पलाइन नंबर पर इसकी शिकायत की। कंट्रोल की सूचना पर स्थानीय रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ सक्रिय हो गई। ट्रेन स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की रात पौने दो बजे प्लेटफार्म संख्या तीन पर पहुंची। ट्रेन के पहुंचते ही जीआरपी एसआई अनिल चौरसिया, आरपीएफ एसआई कन्हैयालाल महिला सिपाहियों के साथ पहुंचे। यहां महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और केस प्रयागराज जीआरपी को भेज दिया। जीआरपी निरीक्षक आरके सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर केस प्रयागराज भेज दिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार आगे की कार्रवाई की जा रही है।