धीना। थाना क्षेत्र के रैथा गांव स्थित सिंचाई विभाग के विश्राम गृह के समीप बुधवार की शाम बाइक चला रहे युवक को झपकी आने से बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार पति-पत्नी व पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया जहां इलाज के दौरान पति की मृत्यु हो गई। वहीं पत्नी व उसके पुत्र की हालत गंभीर बनी हुई है।
कोहना कमालपुर निवासी उद्धव यादव (52) असना गांव से शादी समारोह में शामिल होने के बाद बाइक से पत्नी व पुत्र राजकुमार के साथ वापस लौट रहे थे। रैथा गांव के सामने सिंचाई विभाग के विश्राम गृह के पास बाइक चला रहे पुत्र राजकुमार को झपकी लग गई। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गढ्ढे में पलट गई। दुर्घटना में उद्धव के सिर में गंभीर चोट लग गई। वहीं उसकी पत्नी व पुत्र भी घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे कमालपुर चौकी प्रभारी सुग्रीव गुप्ता ने घायलों को एंबुलेंस से इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजवाया। यहां इलाज के दौरान उद्धव की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों व गांव में कोहराम मच गया। उद्धव मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को धानापुर स्थित नरौली घाट पर किया गया।