नियामताबाद। नरैना गांव के पास धपरी माइनर की सफाई कराने के लिए किसानों ने रविवार की दोपहर में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे सपा के पूर्व सांसद रामकिशुन ने भी किसानों की मांगों का समर्थन किया। इसके बाद सिंचाई विभाग के अधिकारी सक्रिय हुए और जेसीबी भेजकर माइनर की सफाई शुरू कराई।
किसानों का कहना था कि धपरी माइनर नरायनपुर पंप कैनाल से निकलकर कठौड़ी, गौसपुर, धपरी, नरैना और महदेउर तक जाती है। इसमें सिल्ट जमा होने के कारण टेल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे क्षेत्र के किसानों को खेती करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, किसानों के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर सपा के पूर्व सांसद रामकिशुन और पूर्व ब्लॉक प्रमुख बाबूलाल यादव मौके पर पहुंचे और किसानों की समस्याएं सुनीं। इस पर पूर्व सांसद ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता से फोन पर बात की और सिल्ट सफाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सिल्ट सफाई नहीं हुई तो किसानों के साथ वे भी धरना देंगे। इसके बाद सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने अवर अभियंता आशीष कुमार को मौके पर भेजा। मौके पर पहुंचे अवर अभियंता ने स्थिति का जायजा लिया और किसानों और पूर्व सांसद से वार्ता की। इसके बाद जेसीबी मंगवाकर धपरी माइनर की सिल्ट सफाई शुरू कराई गई। प्रदर्शन में बैजनाथ यादव, महेंद्र यादव, जोखू, रामउग्रह, सोमारू बिंद, सरजू बिंद, शिवाधार, रामअचल, श्यामलाल आदि शामिल रहे।