चंदौली। उद्यान विभाग की ओर से इस बार सब्जी की खेती करने वाले किसानों को मात्र 20 रुपये में उन्नत प्रजाति के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विभाग की पहल से किसान बेहतर उत्पादन कर अधिक आय कर सकते हैं। यह जानकारी जिला उद्यान अधिकारी अलका श्रीवास्तव ने दी है।
बताया कि जिले में 6600 किसानों में बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है। ब्लाकों में तैनात उद्यान निरीक्षकों को किसानों में सब्जी के बीज की मिनी किट वितरण करने का निर्देश दिया गया है। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि सब्जियों के बीज काफी उन्नत प्रजाति के हैं। इसकी खेती से किसानों को अधिक उत्पादन मिलेगा। उद्यान विभाग की ओर से किसानों को मात्र 20 रुपये में सब्जियों के मिनी पैकेट दिए जा रहे हैं। इनमें मिर्च, पालक, बैंगन, धनिया, लौकी, टमाटर, बींस, मूली, भिंडी, गोभी व खीरा के बीच हैं। किट का वितरण नौ विकासखंड स्तर पर प्रभारियों द्वारा किया जा रहा है। वहीं इच्छुक किसान खंड विकास प्रभारियों के माध्यम से संपर्क कर सब्जी बीज के मिनी किट प्राप्त कर सकते हैं।