चंदौली। लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों की मदद के लिए राहत अभियान पर शासन की नजर है। महामारी के दौर में असहाय और जरूरतमंदों को राशन और लंच पैकेट देकर मदद करने वालों की सूची शासन को भेजने के निर्देश मिला है शासन ने ऐसे सभी स्वयंसेवी संस्थाओं की रिपोर्ट मांगा है जो लॉक डाउन के दौरान लोगों की मदद करने में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
लॉकडाउन के दौरान गरीबों व जरूरतमंदों की मदद में एक दर्जन से अधिक स्वयंसेवी संस्थाएं लगी हुई हैं। जरूरतमंदों में भोजन पैकेट, राहत सामग्री व राशन का वितरण करा रही हैं। वहीं जिला प्रशासन के कम्यूनिटी किचन में भी योगदान दे रही हैं। शासन ने ऐसी संस्थाओं के कार्यों की निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति का निर्देश दिया है। शासन के निर्देश के बाद जिला प्रशासन रिपोर्ट तैयार करने में जुट गया है। प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक जिले के ग्रामीण व शहरी इलाकों में करीब 15 हजार परिवारों को भोजन पैकेट उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें प्रशासन के साथ ही जनप्रतिनिधि भी जुटे हुए हैं। सीडीओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि शासन से स्वयंसेवी संस्थाओं की रिपोर्ट मांगी गई है। जल्द ही रिपोर्ट तैयार कर भेज दी जाएगी।