नियामताबाद। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील सभागार में शनिवार को डीएम चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 72 शिकायतें आईं। इनमें से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस दौरान तहसील परिसर से सटे श्रीराम जानकी शिव मंदिर की जमीन पर कथित अतिक्रमण और पटनवा गांव में बेदखली का आदेश होने के बावजूद तालाब की भूमि से कब्जा नहीं हटाए जाने का मामला प्रमुखता से उठा।
फरियादी सुबह दस बजे से ही पहुंचने लगे थे, जबकि जिलाधिकारी दोपहर साढ़े बारह बजे के बाद पहुंचे। बिलारीडीह गांव निवासी शुभम कुमार ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि तहसील परिसर से सटे श्रीराम जानकी शिव मंदिर की आराजी संख्या 186, 192ख और 194 की भूमि के संबंध में मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र बिंद ने कथित तौर पर कॉलोनाइजर से दस लाख रुपये लेकर समिति की सहमति के बिना रास्ता दे दिया। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
वहीं, पटनवा गांव निवासी सच्चिदानंद झा ने तालाब की भूमि संख्या 680/1 पर अवैध कब्जे की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पूर्व तहसीलदार राहुल सिंह ने कब्जेदार को बेदखल करने का आदेश दिया था, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।
रोहणा गांव निवासी दिव्यांग गोपाल बिंद ने घर के बाहर परिवार के साथ टोना-टोटका किए जाने की शिकायत की। आरोप है कि जिलाधिकारी का इंतजार करने के दौरान एक पुलिसकर्मी के कथित दुर्व्यवहार से आहत होकर वह रोते हुए वहां से चले गए।
इस अवसर पर एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, बीईओ मनोज कुमार यादव, एडीओ पंचायत मनोज सिंह, अलीनगर थानाध्यक्ष गगनराज सिंह आदि मौजूद रहे।