ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले रोजगार सेवकों ने विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान रोजगार सेवकों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली और शिक्षामित्रों की भांति स्वयं को स्थायी करने की मांग की। अंत में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम कुमार प्रशांत को सौंपा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कन्हैया लाल यादव ने कहा कि रोजगार सेवकों के साथ प्रदेश सरकार छलावा कर रही है। बसपा की सरकार आने पर इसे पंचायत मित्र का पद बदलकर उसे ग्राम विकास विभाग में मर्ज करते हुए ग्राम रोजगार सेवक पर कर दिया गया। जब पंचायत मित्रों ने इसका विरोध किया तो चुनाव के समय अखिलेश यादव ने वादा किया था कि सपा की सरकार बनी तो मांगों पर विचार किया जाएगा। सत्ता में आने के बाद सरकार ने शिक्षामित्रों को स्थायी तो कर दिया, लेकिन रोजगार सेवकों की अनदेखी कर दी, जिससे रोजगार सेवक एक सुरक्षित भविष्य के लिए संघर्षरत हैं। चेताया कि मांग को लेकर सभी 16 मई से लखनऊ स्थित लक्ष्मण मेला मैदान में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। इस दौरान भोलानाथ, रविप्रकाश, मुकेश, अजीत, पवन पीयूष आदि रहे। संचालन रमाकांत ने किया।