पड़ाव के दांडी में मजदूर की मौत के बाद जुटी भीड़। स्रोत:-जागरूक पाठक
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के डांडी गांव के समीप स्थित एक कंपनी में काम के दौरान सोमवार सुबह कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बेहोशी की हालत में उसे उपचार के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर परिजन शव को कंपनी परिसर में लेकर पहुंचे और 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग करने लगे। इससे मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बाद में स्थानीय लोगों की मध्यस्थता से मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के भिसौड़ी गांव निवासी मुन्ना पाल (56) करीब दो वर्षों से डांडी स्थित कंपनी में काम कर रहे थे। रविवार रात करीब 8:30 बजे खाना खाने के बाद वह ड्यूटी के लिए कंपनी गए थे। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे कंपनी के एक कर्मचारी ने परिजनों को फोन कर मुन्ना की तबीयत अचानक बिगड़ने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन कंपनी पहुंचे। वहां उन्हें बताया गया कि मुन्ना को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया है। परिजन अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि उन्हें वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। इसके बाद परिवार के लोग ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड के बाहर मुन्ना का शव मिला।
शव कंपनी लाकर मुआवजे की मांग
इसके बाद परिजन शव को लेकर डांडी स्थित कंपनी परिसर पहुंच गए। शव परिसर में रखकर परिजनों और ग्रामीणों ने 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग शुरू कर दी। जानकारी होने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इससे कंपनी परिसर में कुछ देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही। बाद में स्थानीय लोगों ने दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता कर मामला शांत कराया। सूचना पर पहुंची मुगलसराय पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस कर्मचारी की मौत की वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है। कंपनी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्यूटी के दौरान मुन्ना की तबीयत कब और किन परिस्थितियों में बिगड़ी। घटना के बाद मृतक की पत्नी मुन्नी देवी, पुत्र सुधांशु पाल, हिमांशु पाल और पुत्रियां संजीवनी पाल व साधना पाल का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।