बिजली विभाग विद्युत भार कम करने के लिए पड़ाव क्षेत्र में नया बिजली उपकेंद्र बनाएगा। इसके लिए बिजली विभाग ने 2.70 करोड़ रुपये की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी है। उपकेंद्र 10 एमवीए क्षमता का होगा। बिजली विभाग इसके लिए जमीन की भी तलाश कर रहा है। इससे पड़ाव क्षेत्र के करीब दो दर्जन गांवों के साथ डांडी तक जीटी रोड के आसपास के क्षेत्र में बिजली की सप्लाई की जाएगी। शासन से धन मिलते ही सब स्टेशन का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
वर्तमान में पड़ाव क्षेत्र में साहूपुरी पावर हाउस से बिजली की सप्लाई की जा रही है। वहीं आपूर्ति में व्यवधान आने पर गड़बड़ियों को दूर करने की जिम्मेदारी विद्युत वितरण खंड-2 पीडीडीयू नगर पर है। इससे कभी-कभी गड़बड़ी दूर करने में समस्या होती है। इसके अलावा पड़ाव पर संचालित अस्थाई सब स्टेशन के बंद रहने से उपभोक्ताओं को करीब आठ किलोमीटर दूर चंदासी उपकेंद्र या पीडीडीयू नगर विद्युत वितरण खंड कार्यालय आना पड़ता है। इन परेशानियों से उपभोक्ताओं को बचाने के लिए विभाग ने पड़ाव चौराहे पर नया सब स्टेशन लगाने का फैसला किया है। नए सब स्टेशन के बन जाने से न केवल उपभोक्ताओं बल्कि विभागीय कर्मियों को भी सहूलियत मिलेगी। एक्सईएन प्रवीन सिंह ने कहा कि सब स्टेशन बन जाने से पड़ाव व डांडी क्षेत्र की बिजली की समस्याओं का काफी हद तक समाधान हो जाएगा। सब स्टेशन के लिए फरवरी में कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी गई है। कार्ययोजना स्वीकृत व धन अवमुक्त होते ही सब स्टेशन बनाने का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।