कंदवा। शनिवार की शाम को तेज हवाओं के चलते जगह-जगह तार टूटने और 33 हजार लाइन में खराबी से अमड़ा विद्युत उपकेंद्र से संचालित छह फीडरों से जुड़े 120 गांवों की बिजली आपूर्ति करीब 20 घंटे तक प्रभावित रही। बिजली न होने के कारण लोग परेशान रहे। लोगों को पेय जल की भी हुई समस्या।
इलाके के अमड़ा विद्युत उपकेंद्र से असना, ककरैत, रेरुआ, धीना, जेवरियाबाद और विश्वबैंक कुल छह फीडर संचालित होते हैं। शनिवार की शाम तेज हवा और बारिश के चलते अमड़ा विद्युत उपकेंद्र से संचालित सभी फीडर से जुड़े गांवों में कई जगह तार टूटने और जमानिया में 33 हजार लाइन में आई खराबी से इन फीडरों से जुड़े 120 गांवों की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। जिससे लोग बिजली के अभाव में बेहाल रहे। वहीं बिजली न रहने से बिजली पर आधारित काम काज भी ठप रहे। पेयजल के लिए भी गांवों में हाहाकार मचा रहा। बिजली के अभाव में लोगों को विभिन्न समस्याओं से दो चार होना पड़ा। रविवार की दोपहर करीब दो बजे आपूर्ति बहाल हुई। इस संबंध में अमड़ा विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता अजय कुमार ने कहा कि शनिवार की शाम आई आंधी के चलते तार टूटने और 33 हजार लाइन में खराबी आने सेे विद्युत आपूर्ति बाधित रही।