बबुरी। स्थानीय बाजार से सटे मिर्जापुर जनपद के डवक गांव में बिजली कनेक्शन काटने गए बिजली विभाग के अधिकारियों का ग्रामीणों ने घेराव कर दिया। ग्रामीणों का विरोध को देखते हुए विभाग को बैरंग लौटना पड़ा। इस दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि बिना सूचना के कनेक्शन काटा गया तो आंदोलन किया जाएगा।
मिर्जापुर जनपद के डवक गांव में तीन सौ घरों में बिजली कनेक्शन है। गांव में कनेक्शन जीवनाथपुर बिजली उपकेंद्र से गया है। गांव के अधिकतर लोगों ने नियमित रूप से बिजली बिल भर दिया है। कुछ लोगों का बकाया है। बुधवार को जीवनाथपुर से बिजली विभाग के एसडीओ आरपी यादव गांव में पहुुंचे और बिजली कर्मियों की सहायता से पूरे गांव की बिजली कनेक्शन काटने लगे। बिल भरने के बाद भी कनेक्शन काटे जाने से ग्रामीण आक्रोशित हो गए और एसडीओ का घेराव कर नारेबाजी शुरू कर दी। एसडीओ ने कहा कि यह गांव मिर्जापुर जनपद में आता है। ऐसे में कनेक्शन काट दिया जाएगा और याहं के लोग मिर्जापुर जिले के उपकेंद्र से कनेक्शन ले सकते हैं। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि जिनका बिजली बिल बकाया है, उनका कनेक्शन काटा जाए। यदि पूरे गांव की बिजली काटी जाती है तो आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए विभाग की टीम को वापस लौटना पड़ा। विरोध करने वालों में मुकेश सिंह, अनिल सिंह, समरजीत सिंह, राजू तिवारी, सत्येन्द्र सिंह, सत्यप्रकाश, अब्दुल कादिर, अनुज कुमार सिंह, श्यामनरायन, वीरेन्द्र, धनंजय सिंह, कैलाश यादव रहे।