नौगढ़। थाना क्षेत्र के बाघी गांव में मंगलवार की सुबह कुएं में युवक का शव मिला। मृत युवक की पहचान रिलायंस कंपनी में इलेक्ट्रीशियन अतुल तिवारी (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक मूलरूप से भद्री कला, थाना लालगंज, जनपद प्रतापगढ़ का निवासी था। वह नौगढ़ के चक्चोइंया स्थित रिलायंस कंपनी में डेढ़ माह से इलेक्ट्रीशियन पद पर कार्यरत था और नौगढ़ में डेढ़ माह से ही डॉ. सीडी सिंह के मकान पर किराए पर रहता था। अतुल शनिवार की रात से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कंपनी से जुड़े ठेकेदार ने थाने में दर्ज कराई थी। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ नामेन्द्र कुमार और थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को बाहर निकाला। अतुल की शादी मात्र एक वर्ष पहले ही हुई थी और वह घर का इकलौता बेटा था। पत्नी पैतृक गांव भद्री कला में रहती हैं। क्षेत्राधिकारी नामेन्द्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।