पीडीडीयू नगर। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन प्लांट डिपो शाखा के चुनाव में मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रेलकर्मियों ने मतदान किया। यहां तीन बूथों पर 591 मतदाताओं में 481 ने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कुल 80.84 प्रतिशत मतदान हुआ। बुधवार को मतगणना के बाद विजेता पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी।
प्लांट डिपो शाखा के अध्यक्ष, एक कार्यकारी अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, एक शाखा सचिव, एक संयुक्त सचिव, दो सहायक सचिव, दो संगठन सचिव, एक कोषाध्यक्ष, दो सीसीएम, तीन डेलीगेट टीजीएम और 10 शाखा पार्षद पद के लिए चुनाव हो रहा है। चुनाव पर्यवेक्षक ईसीआरकेयू के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मिथिलेश कुमार और केंद्रीय संगठन मंत्री बीबी पासवान ने बताया कि मतदान के लिए तीन मतदान केंद्र बनाए गए। मंगलवार की सुबह आठ बजे से तीनों मतदान बूथों पर मतदान की प्रकिया शुरू हुई।
कड़ी सुरक्षा के बीच शाम पांच बजे तक 591 रेलकर्मियों में 481 ने मतदान किया। प्रशासनिक कार्यालय में बने बूथ संख्या एक पर 33 मतदाताओं में 31 ने मतदान किया। इसी तरह ब्रिज ट्रेनिंग स्कूल स्थित बूथ संख्या दो पर 330 मतदाताओं में 309 कर्मियोंने मतदान किया। इसी तरह यंत्रशाला अनुभाग में बने बूथ संख्या तीन पर 228 मतदाताओं में कुल 141 ने मतदान किया। इस तरह शाम पांच बजे तक 88.84 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। शाखा कार्यालय के सभाकक्ष में सुबह दस बजे से मतगणना होगी। इसके बाद विजेता पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।