चंदौली। सैयदराजा थाने के धरौली पुलिस चौकी के सोहदवार गांव में बच्चों के विवाद में बड़े भिड़ गए। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने असलहे से फायरिंग कर दी। गोली दूसरे पक्ष के व्यक्ति के पैर में लगी। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने ट्राॅमा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया।
सोहदवार गांव निवासी परवेज और इमरान के परिवारों बीच जमीन से जुड़ा पुराना विवाद चल रहा है। बुधवार की शाम खेल-खेल में ही दोनों परिवारों के बच्चे आपस में झगड़ा कर बैठे। विवाद बढ़ने पर दोनों परिवार भी आमने-सामने हो गए। मारपीट के बीच इमरान के परिवार के किसी व्यक्ति ने असलहे से फायरिंग कर दी। गोली परवेज (45) के पैर में लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। यह देखते ही आरोपी भाग गए। परवेज को जिला अस्पताल पहंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख ट्रॉमा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया। सैयदराजा थाना प्रभारी बिंदेश्वरी प्रसाद पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फायरिंग करने वालों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।