कंदवा। क्षेत्र के चारी गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय के आठ छात्र-छात्राओं ने पिछले दिनों आयोजित राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा - 2025 में जनपद स्तरीय मेरिट में अपना स्थान बनाया है। इससे शिक्षकों के साथ अभिभावकों में भी खुशी की लहर दौड़ गई है।
परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सरकार की ओर से हर वर्ष राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा कराई जाती है। इसके तहत बेसिक स्कूलों के होनहार छात्रों की परीक्षा कराई जाती है।
इस वर्ष की परीक्षा में उच्च प्राथमिक विद्यालय चारी की प्रतीक्षा मौर्या ने 16वां, प्रतिभा कुमारी ने 19वां, रौनक यादव ने 28वां, अमीषा मौर्य ने 33वां, आंशिक कुमारी ने 34वां, रागिनी मौर्य ने 35वां, अमन कुमार ने 43वां और खुशबू कुमारी ने 44वां रैंक हासिल कर विद्यालय के साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक गोपाल प्रसाद खरवार ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।