पड़ाव। मुगलसराय कोतवाली के साहूपुरी मार्ग पर बखरा गांव के समीप शुक्रवार की सुबह साढ़े चार बजे कार और ऑटो रिक्शा की आमने सामने हुई टक्कर में ऑटो चालक सहित तीन लोग जख्मी हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ऑटो और कार को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
सलारपुर वाराणसी निवासी ऑटो चालक किशन चौहान (26) पड़ाव से सवारी लेकर साहूपुरी की तरफ जा रहा था। ऑटो में वाराणसी निवासी संतोष चौहान (35) और कोमल चौहान (22) सवार होकर साहूपुरी स्थित फैक्टरी में काम करने जा रहे थे। ऑटो अभी बखरा गांव के समीप पहुंची थी कि साहूपुरी की तरफ से तेज रफ्तार कार आ आई।
कार के हेडलाइट से ऑटो चालक की आंखे चौंधिया गईं और बेकाबू ऑटो व कार की आमने सामने टक्कर हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। मुगलसराय कोतवाल विजय बहादुर सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।