सकलडीहा। शनिवार की दोपहर हुई बारिश से सकलडीहा कस्बा से लेकर मुख्य मार्ग पर जलभराव हो गया। संपूर्ण समाधान दिवस से चंदौली जाते समय डीएम व एसपी ने मुख्य मार्ग पर जल भराव देख पीडब्ल्यूडी और कोतवाली पुलिस को समस्या के अविलंब समाधान का निर्देश दिया। सकलडीहा में फोरलेन सड़क और नाला निर्माण कार्य ढाई साल से धीमी गति से होने के कारण कस्बे के व्यापारी, राहगीर और वाहन चालक परेशान हैं।
डाकघर के समीप दबंगाें के दबाव में पुलिया का निर्माण नहीं शुरू होने से बारिश होने पर जल भराव हो जाता है। शनिवार को मुख्य मार्ग पर जल भराव कारण कई लोग गड्ढे में गिरकर घायल हो गए। संपूर्ण समाधान दिवस से चंदौली जाते समय डीएम और एसपी ने सड़क की हालत देख पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों और कोतवाली पुलिस को मोहर्रम को देखते हुए कर्बला तक हुए जल भराव की समस्या का अविलंब दूर कराने का निर्देश दिया। ताकि लोगों को परेशानी न हो। मौके पर पहुंचे अधिकारी कार्यदायी संस्था के माध्यम से समस्या दूर कराने में जुट गए। उधर, कस्बा में भी गली और मोहल्लों में चौक पर जाने वाले मार्ग पर भी पानी भरा होने पर ग्रामीण नाराज दिखे।