नियमताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के जफरपुर गांव स्थित नरायनपुर पंप कैनाल पर बने पुल पर जा रहा सायकिल सवार किशोर मंगलवार की शाम नहर में गिरकर डूब गया। ग्रामीणों ने नहर में किशोर की काफी तलाश की पर उसका पता नहीं चल सका। सूचना पर पहुंचे मुगलसराय एसडीएम कुमार हर्ष ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नहर में पानी की गति कम करने का निर्देश दिया। समाचार दिए जाने तक ग्रामीण खोजबीन में जुटे रहे।
गांव के पास नहर पर आवागमन के लिए पुल का निर्माण कराया गया है। बीते कई वर्ष से पुल क्षतिग्रस्त पड़ा है। मंगलवार की शाम करीब चार बजे जफरपुर निवासी गुल्लू यादव का 15 वर्षीय पुत्र प्रवीण यादव उर्फ कल्लू साइकिल से पुल पार कर औद्योगिक नगर क्षेत्र फेज दो की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल के बीच में वह पहुंचते ही वह अनियंत्रित होकर साइकिल से नहर में गिर पड़ा। यह देख आसपास खेल रहे बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया। इसके बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गांव के कुछ युवक उसकी तलाश में नहर में कूद पड़े। करीब दो किलोमीटर तक उन्होंने किशोर की खोजबीन की लेकिन नहर में अत्यधिक पानी होने के कारण असफल रहे। किशोर की तलाश देर रात तक जारी रही। किशोर के डूबने की खबर मिलते ही परिजनों में रोना-पीटना मच गया।