पीडीडीयू नगर। नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल पाइप लाइन विस्तार के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ पुराने ट्यूबवेल व पाइप पर ध्यान नहीं देने के चलते लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। मंगलवार की शाम सुभाष नगर वार्ड में लगी ट्यूबवेल की मोटर जल जाने के कारण क्षेत्र में पानी का संकट खड़ा हो गया है। लोगों के अनुसार क्षेत्र में पिछले एक माह से पानी की समस्या बनीं हुई थी लेकिन नगर पालिका की ओर से इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा था।
नगर पालिका क्षेत्र के सुभाष नगर वार्ड में लगभग छह हजार की आबादी निवासी करती है। यहां लोगों के घरों में जलापूर्ति के लिए क्षेत्र स्थित ब्रह्म बाबा मंदिर के पास पालिका की ओर से एक ट्यूबवेल लगाई गई है। वार्डवासी अखिलेश चौहान, अनिकेत श्रीवास्तव, प्रमोद यादव, गुड्उू तिवारी, अजीत सिंह, सुधीर सिंह मोनू ने बताया कि पिछले एक माह से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति ठीक तरीके से नहीं हो रही थी। जिसकी शिकायत कई बार नगर पालिकाकर्मियों से की गई लेकिन किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। मंगलवार को पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। इसके बाद पालिकाकर्मी जब मौके पर पहुंचे तो जानकारी हुई की मोटर जल चुकी है। लोगों ने कहा कि सुभाष पार्क में ओवरहेड टैंक बने कई महीने बीत चुके है। जलनिगम के अधिकारियों की लापरवाही के चलते ओवरहेड टैंक से क्षेत्र में पानी आपूर्ति चालू नहीं हो पायी है। अधिकारियों की लापवाही का खामियाजा आमजन मानस को भुगतना पड़ रहा है। इस संबंध में वार्ड सभासद आरती यादव ने बताया कि ट्यूबवेल की जली हुई मोटर बुधवार को सुबह बदलने का आश्वासन नगर पालिका अधिकारियों की ओर से दिया गया है। पानी की आपूर्ति जल्द ही बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा।
बाइट -1635