सड़क के किनारे बने नाले पर कब्जा होने के चलते बारिश के बाद गांवों में जल जमाव होने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को पड़ाव रामनगर रोड पर भोजापुर गांव के सामने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने ब्लाक और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि जल्द ही नाले की सफाई और सड़क की मरम्मत नही हुई तो आंदोलन करेंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे पुलिया से लेकर कटेसर गांव तक रोड के दोनों तरफ पक्के नाले का निर्माण वर्षों पहले किया गया था। नाले के पानी की निकासी की सही व्यवस्था न होने और नाले की नियमित साफ-सफाई न होने से नाला गंदगी से पट गया है और पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बह रहा है। जिसकी वजह से सड़क भी खराब हो रही है। गडढे भरे रास्ते पर आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों की शिकायत पर पीडब्लूडी सड़क की मरम्मत कराता है लेकिन मरम्मत के नाम पर सिर्फ गड्ढों में गिट्टी डालकर छोड़ दिया जाता है।
पिछले दिनों बारिश होने से पानी निकासी की व्यवस्था न होने से गांव में पानी भर गया। जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका है। नाली की सफाई न होने से बारिश होते ही गांव में फिर से बाढ़ की स्थिति हो जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नाले की सफाई नही हुई और गड्ढा युक्त सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो ग्रामीण उग्र प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान अमित, नखडू , रामजी, सुशील, संजय, पन्नर , गुड्डू आदी मौजूद रहे।