चंदौली। डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को संपन्न हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष व सदस्य वरिष्ठ अधिवक्ता हरिशंकर सिंह ने अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह व महामंत्री शमशुद्दीन को पद एवं गोपनियता की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने दोनों पदाधिकारियों को अधिवक्ताओं के हित में कार्य करने का संकल्प भी लिया।
अध्यक्ष व महामंत्री के शपथ ग्रहण के बाद नवगठित इकाई में राजेश कुमार मिश्रा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उज्जवल श्रीवास्तव को उपाध्यक्ष, योगेंद्र सिंह कनिष्ठ उपाध्यक्ष, रीता भारती संयुक्त सचिव, गोविंदा गोस्वामी पुस्तकालय मंत्री, योगेश कुमार विमल को कोषाध्यक्ष को भी पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि अधिवक्ता साथियों के हितों का संरक्षण करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। चंदौली के तहसील व न्यायालय परिसर को बेहतरीन बनाने के लिए कार्य करेंगे। इसके साथ ही साथ जिला न्यायालय के निर्माण की लड़ाई जोरदार तरीके से लड़ी जाएगी। इस दौरान राजेंद्र प्रसाद पाठक, झन्मेजय सिंह, विद्याचरण सिंह, अनिल सिंह, व अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।