चंदौली। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर भले ही जिला प्रशासन सतर्क हो लेकिन जिला पंचायत सदस्यों को प्रतीक चिह्न आवंटन में गड़बड़ी की शिकायत सामने आई है। सोमवार को भूल सुधारने के लिए विभिन्न पदों के एक-एक प्रत्याशी को दो-दो बार चुनाव चिह्न आवंटित करना पड़ा। इसको लेकर प्रत्याशियों में नाराजगी रही। उन्हें बैनर-पोस्टर पर प्रतीक चिह्न बदलवाने पड़ रहे हैं।
सदर ब्लाक के सेक्टर नंबर दो से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहे छोटू तिवारी का नाम सूची से गायब था। प्रत्याशी और समर्थकों ने हंगामा किया तो अधिकारियों ने दूसरी सूची जारी की, लेकिन इसमें प्रत्याशी का पता गलत अंकित कर दिया। जिसे बाद में सुधारा गया। इसी तरह बरहनी सेक्टर नंबर तीन से नामांकन वापस लेने वाले प्रत्याशी को भी प्रतीक चिह्न आवंटित कर दिया गया। चकिया सेक्टर एक से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार का नाम सेक्टर चार की सूची में शामिल कर दिया गया। बरहनी सेक्टर नंबर तीन में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी को पहले सूरज चुनाव चिह्न मिला और बाद में संशोधित सूची जारी हुई तो कप-प्लेट दे दिया गया। अधिकारियों की भूल का खामियाजा प्रत्याशियों को भुगतना पड़ रहा है। बार-बार प्रतीक चिह्न बदलने से ऊहापोह में हैं। इसे लेकर उनमें आक्रोश देखने को मिला।